जांजीबार: भारत और तंजानिया ने अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करते हुए 02-03 फरवरी, 2026 को जांजीबार में संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JDCC) की चौथी बैठक आयोजित की। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों देशों ने वर्तमान रक्षा सहयोग की व्यापक समीक्षा की और भविष्य के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पर चर्चा की।
बैठक के दौरान सैन्य प्रशिक्षण, समुद्री सुरक्षा और रक्षा उद्योग में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशा गया। एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, दोनों देशों ने अपनी वायु सेनाओं के बीच जुड़ाव शुरू करने पर सहमति जताई है। सैन्य चिकित्सा (मिलिट्री मेडिसिन) को भी सहयोग के एक नए क्षेत्र के रूप में पहचाना गया है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव (रक्षा सहयोग) अमिताभ प्रसाद ने किया, जबकि तंजानिया की ओर से इब्राहिम म्होना (चीफ ऑफ ऑपरेशंस एंड ट्रेनिंग) ने कमान संभाली।