नई दिल्ली: बजट सत्र के पांचवें दिन मंगलवार को संसद में अभूतपूर्व हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला देने और भारत-चीन सीमा विवाद का मुद्दा उठाने पर सदन में गतिरोध पैदा हो गया। जब स्पीकर ने उन्हें उद्धरण देने से रोका, तो कांग्रेस सांसदों ने कड़ा विरोध जताया। इस दौरान कुछ सांसदों ने टेबल पर चढ़कर कागज फाड़े और उन्हें स्पीकर की ओर उछाला।
इस अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रस्ताव पेश किया, जिसके बाद कांग्रेस के 8 सांसदों (गुरजीत सिंह औजला, राजा वडिंग, मणिक्कम टैगोर, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले, एस वेंकटेश्वरन, किरण रेड्डी और जिन कुरियोकोज) को शेष बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
इससे पहले, एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका के साथ हुई ऐतिहासिक ट्रेड डील के लिए भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस समझौते को अद्भुत और ऐतिहासिक करार दिया।