उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में ‘विक्रमोत्सव-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य की स्मृति में 1 करोड़ 1 लाख रुपये के ‘सम्राट विक्रमादित्य अंतरराष्ट्रीय अलंकरण सम्मान’ की स्थापना करने की बड़ी घोषणा की। साथ ही, 21 लाख रुपये का राष्ट्रीय और 5-5 लाख रुपये के तीन राज्य स्तरीय पुरस्कार भी शुरू किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन सदियों से ज्ञान और संस्कृति का केंद्र रहा है। विक्रमोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता का पर्व है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 139 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में 41 से अधिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। डॉ. यादव ने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ‘नमो नमो शंकरा’ और ‘देवा देवा’ जैसे भजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को शिवमय कर दिया।