छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ दोहरी सफलता हासिल की है। गुरुवार सुबह बीजापुर जिले के इंद्रावती नदी क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो वर्दीधारी माओवादियों को मार गिराया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद हुई गोलीबारी में दो नक्सली मारे गए। मौके से एसएलआर, आईएनएसए और 12 बोर राइफल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। आईजी सुंदरराज पट्टालिंगम ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
दूसरी ओर, दंतेवाड़ा जिले में कानूनी मोर्चे पर बड़ी जीत मिली है। न्यायालय ने दो माओवादियों, हुंगा उर्फ गुट्टम सोडी और जोगा कुदामी को विस्फोटक अधिनियम के तहत दोषी करार देते हुए 5-5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उन पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इन दोनों को मई 2024 में टिफिन बम और डेटोनेटर के साथ गिरफ्तार किया गया था।