पश्चिम एशिया संकट: कतर से 700 भारतीयों की सुरक्षित वापसी, रियाद के लिए उड़ानें फिर शुरू

पश्चिम एशिया संकट: कतर से 700 भारतीयों की सुरक्षित वापसी, रियाद के लिए उड़ानें फिर शुरू


नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में उपजे तनावपूर्ण हालातों के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा और वतन वापसी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, कतर से लगभग 700 भारतीय नागरिक दो विशेष उड़ानों के जरिए दिल्ली और मुंबई पहुंच चुके हैं। कतर में स्थित भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी कर बताया है कि आने वाले दिनों में कतर एयरवेज की एक से दो उड़ानें प्रतिदिन भारत के लिए संचालित की जा सकती हैं।

दूतावास ने वैकल्पिक रास्तों की जानकारी देते हुए कहा कि जो भारतीय नागरिक कतर छोड़ना चाहते हैं, वे सऊदी अरब के वैध वीजा के साथ ‘सलवा बॉर्डर’ का मार्ग भी चुन सकते हैं। विशेष रूप से विजिट वीजा पर आए भारतीयों के लिए दूतावास 96 घंटे का अस्थायी ट्रांजिट वीजा दिलाने में सक्रिय मदद कर रहा है। आपातकालीन सेवाओं और पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए दूतावास इस सप्ताह के अंत (13-14 मार्च) में भी खुला रहेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी बड़ी राहत देते हुए 12 मार्च से रियाद और भारत के बीच हवाई सेवाओं को बहाल कर दिया है। आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी से 11 मार्च के बीच खाड़ी देशों से 1.5 लाख से अधिक भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। मंत्रालय टिकटों की कीमतों पर भी पैनी नजर रख रहा है ताकि संकट के समय यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *