ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के घाटीगांव (भितरवार) में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 34वीं किश्त के रूप में 1,836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। अब प्रत्येक लाड़ली बहन को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्वालियर जिले के लिए 121.95 करोड़ रुपये की लागत वाले 54 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की बहनें अब ‘मजबूर नहीं, मजबूत’ हैं और प्रदेश के 47% नए स्टार्ट-अप का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। उन्होंने भितरवार क्षेत्र के लिए 120 करोड़ रुपये की आरोन-पटई सिंचाई परियोजना, चिनौर और करैया में सांदीपनि विद्यालय तथा भितरवार पीएचसी को सिविल अस्पताल बनाने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जिला प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी उपस्थित रहे।