मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय में 11.59 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘नालंदा परिसर’ का भूमिपूजन किया।
यह प्रस्तावित परिसर 500 विद्यार्थियों की बैठने की क्षमता के साथ तैयार किया जाएगा, जहां छात्रों को 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन अध्ययन की सुविधा मिलेगी। परिसर में आधुनिक स्मार्ट लाइब्रेरी, उच्च गति वाई-फाई और ई-बुक्स तक आसान पहुंच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस पहल से बस्तर क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक समर्पित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।