जन्मदिन के खास मौके पर कंगना रनौत ने परिवार संग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, तस्वीरें साझा कर जताई खुशी

जन्मदिन के खास मौके पर कंगना रनौत ने परिवार संग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, तस्वीरें साझा कर जताई खुशी

फिल्म ‘गैंगस्टर’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को अपना 40वां जन्मदिन मनाया। इस खास अवसर पर उन्होंने अपने परिवार के साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

कंगना रनौत ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जिनमें उनके साथ उनकी बहन रंगोली चंदेल भी नजर आईं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कंगना को एक तस्वीर भेंट स्वरूप प्रदान की। इस खास पल को यादगार बताते हुए कंगना ने अपनी खुशी जाहिर की।

सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कंगना ने लिखा कि उन्हें अपने परिवार सहित प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर और उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे उनका यह जन्मदिन बेहद विशेष और यादगार बन गया।

कंगना रनौत पहले भी कई बार इस बात का जिक्र कर चुकी हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके द्वारा किए गए कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वर्ष 2014 से पहले देश में निराशा का माहौल था और वे स्वयं भी देश की स्थिति को लेकर चिंतित थीं। हालांकि, 2014 के बाद देश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला, जिसे उन्होंने वास्तविक स्वतंत्रता की अनुभूति बताया। कंगना हमेशा प्रधानमंत्री मोदी को अपना मार्गदर्शक और शुभचिंतक मानती रही हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर उनसे जुड़े वीडियो और विचार साझा करती रहती हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में कंगना रनौत ने भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। उन्हें लोकसभा चुनाव में मंडी सीट से उम्मीदवार बनाया गया, जहां उन्होंने पहली ही बार में जीत हासिल कर सांसद बनने का गौरव प्राप्त किया। वर्तमान में कंगना अपने फिल्मी और राजनीतिक दोनों करियर को सफलतापूर्वक संभाल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *