मध्य प्रदेश पुलिस की ‘डायल-112’ सेवा ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध की है। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को ग्राम लहार कोटा से प्रसव पीड़ा की सूचना मिलने पर म्याना क्षेत्र की एफआरव्ही (FRV) को तत्काल रवाना किया गया। मौके पर मौजूद आरक्षक श्री अमनप्रीत चीमा और पायलट श्री विवेक रघुवंशी ने पाया कि एम्बुलेंस व्यस्त होने के कारण समय पर नहीं पहुँच सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने महिला को अपने ही वाहन से अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। रास्ते में सफल प्रसव के उपरांत पुलिस टीम ने बिना समय गँवाए महिला और नवजात बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। यह घटना ‘डायल-112 हीरोज’ श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो पुलिस की सजगता को दर्शाती है।