भारतीय नौसेना ने 27 मार्च 2026 को कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान के मैरीटाइम वारफेयर सेंटर में आईओएनएस मैरीटाइम एक्सरसाइज (आईएमईएक्स) टेबल-टॉप एक्सरसाइज 2026 का सफल आयोजन किया। इस उच्च स्तरीय अभ्यास में हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी से जुड़े सदस्य देशों की नौसेनाओं के प्रतिनिधियों के साथ-साथ आईओएस सागर के अंतरराष्ट्रीय अधिकारी और भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
अभ्यास के दौरान हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती गैर-पारंपरिक समुद्री सुरक्षा चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की गई। इसमें बांग्लादेश, फ्रांस, इंडोनेशिया, केन्या, मालदीव, मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, तंजानिया और तिमोर-लेस्ते सहित कुल 16 देशों ने भाग लिया।
भारत द्वारा 2026-2028 कार्यकाल के लिए आईओएनएस की अध्यक्षता ग्रहण करने के बाद यह अभ्यास क्षेत्रीय समुद्री नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 16 वर्षों के अंतराल के बाद भारत को यह जिम्मेदारी मिली है।
यह अभ्यास आधुनिक सिमुलेशन आधारित वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें जटिल समुद्री सुरक्षा परिदृश्यों पर विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य सहभागी देशों के बीच आपसी समन्वय, सूचना साझा करने और निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करना था।