इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स के लिए निराशाजनक रही। एमएस धोनी के बिना उतरी टीम को अपने पहले ही मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और 51 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। चेन्नई के लिए जेमी ओवरटन ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 36 गेंदों पर 43 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके अलावा सरफराज खान ने 17 और कार्तिक शर्मा ने 18 रन का योगदान दिया। ओवरटन ने आखिरी विकेट के लिए अंशुल कंबोज के साथ 33 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी काफी प्रभावशाली रही। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला।
128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 75 रन जोड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। इस साझेदारी में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन बेहद आक्रामक रहा। उन्होंने मात्र 15 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और 17 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इस पारी के साथ वह राजस्थान के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने ध्रुव जुरेल के साथ 24 रन की साझेदारी की। जुरेल ने 9 गेंदों पर 18 रन बनाए। अंत में जायसवाल और कप्तान रियान पराग ने नाबाद 29 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। जायसवाल 36 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पराग ने 11 गेंदों में 14 रन बनाए। राजस्थान ने 12.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
चेन्नई की ओर से अंशुल कंबोज ने दोनों विकेट लिए।
मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा था, क्योंकि टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट के कारण दो सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस भी चोट के चलते तीन मैच नहीं खेल पाएंगे। इस मैच में ऋतुराज गायकवाड ने टीम की कप्तानी संभाली, जबकि संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन दोनों ही खिलाड़ी पहले मैच में केवल 6-6 रन बनाकर आउट हो गए।