दुनियाभर में पिछले करीब दो वर्षों के दौरान विमान दुर्घटनाओं के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। इन हादसों में केवल यात्री विमान ही नहीं, बल्कि सैन्य विमान भी शामिल हैं। इसी क्रम में अब रूस की सेना के साथ एक बड़ा हादसा सामने आया है।
रूस की सेना का ट्रांसपोर्ट विमान Antonov An-26 क्रीमिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि क्रैश होने के बाद विमान एक चट्टान से टकरा गया, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी बुधवार सुबह दी। मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार करीब 6 बजे विमान अचानक रडार से गायब हो गया और उससे संपर्क टूट गया था।
हादसे के समय विमान में कुल 29 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सभी 29 लोगों की मौत हो गई। इस बात की पुष्टि रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा की गई है।