युद्ध के असर से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,400 अंक टूटा, निफ्टी भी 2% नीचे
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर भारतीय शेयर बाजार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। 2 अप्रैल को बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स करीब 1,400 अंक यानी लगभग 2% गिरकर 71,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 450 अंक यानी 2% गिरकर 22,250 के स्तर पर पहुंच गया है।
आज के कारोबार में बैंकिंग, मेटल, फार्मा और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार में इस गिरावट के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
पहला, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। दूसरा, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जो बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। तीसरा, एशियाई बाजारों में जारी गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है।
एशियाई बाजारों की बात करें तो वहां भी नकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है। साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4% गिरकर 5,268 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 2% गिरकर 52,557 पर है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1% गिरकर 25,012 और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.5% गिरकर 3,927 पर कारोबार कर रहा है।
हालांकि, 1 अप्रैल को अमेरिकी बाजारों में बढ़त देखने को मिली थी। डाउ जोन्स 224 अंक यानी 0.48% बढ़कर 46,565 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 1.16% की बढ़त के साथ 21,840 पर और S&P 500 इंडेक्स 46 अंक यानी 0.72% बढ़कर 6,575 पर बंद हुआ था।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 5% की तेजी आई है और यह 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से पहले कच्चे तेल की कीमतें करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थीं।
इसके पहले 1 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल था। सेंसेक्स 1,187 अंक यानी 1.65% बढ़कर 73,134 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 348 अंक यानी 1.56% बढ़कर 22,679 के स्तर पर बंद हुआ था।