हैदराबाद की दमदार जीत, केकेआर को 65 रन से हराकर सीजन में खोला खाता

हैदराबाद की दमदार जीत, केकेआर को 65 रन से हराकर सीजन में खोला खाता

आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से करारी शिकस्त दी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम पर भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की पूरी टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। यह हैदराबाद की इस सीजन की पहली जीत रही, जबकि केकेआर को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय इस हार का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। पिछले सीजन में इसी मैदान पर केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाए थे और हैदराबाद को 120 रन पर रोक दिया था। ऐसे में इस बार पहले बल्लेबाजी करके दबाव बनाने का मौका गंवाना टीम को महंगा पड़ा।

हैदराबाद की पारी की शुरुआत ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने शानदार अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए छह ओवर में लगभग 80 रन जोड़ दिए। हालांकि, दोनों ही बल्लेबाज अर्धशतक से चूक गए। हेड ने 46 और अभिषेक ने 48 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन 14 रन ही बना सके। इसके बाद हेनरिक क्लासन ने तेजतर्रार अर्धशतक जड़ा और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ अहम साझेदारी निभाई। रेड्डी ने 39 रन बनाए, जिससे टीम 226 के बड़े स्कोर तक पहुंच सकी।

केकेआर की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट लिए। वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट चटकाए। वहीं वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी महंगे साबित हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही और कप्तान रहाणे सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। नारायण जगदीशन ने तेज 28 रन बनाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन की शानदार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद रिंकू सिंह ने थोड़ी देर संघर्ष किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम 16 ओवर में ऑलआउट हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *