कोलकाता में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा। यह मौजूदा सीजन का पहला मैच है जो बारिश की भेंट चढ़ा।
सोमवार शाम से ही कोलकाता में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही, जिसका असर मैच पर भी पड़ा। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में होम टीम KKR ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
टीम ने 3.4 ओवर में दो विकेट खोकर 25 रन बना लिए थे, तभी शाम 7:46 बजे बारिश शुरू हो गई और खेल को रोकना पड़ा। उस समय कप्तान अजिंक्य रहाणे 8 रन और अंगकृष रघुवंशी 7 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले, पंजाब किंग्स के गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए कैमरन ग्रीन (4 रन) और फिन एलन (6 रन) को आउट कर दिया था।
बारिश लगातार जारी रहने के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और अंततः इसे रद्द घोषित कर दिया गया।