मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरदर्शी पहल “जल गंगा संवर्धन अभियान” ग्वालियर-चंबल संभाग में जल संरक्षण की नई इबारत लिख रहा है। इस अभियान के माध्यम से न केवल वर्षों पुरानी ऐतिहासिक बावड़ियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है, बल्कि नई संरचनाओं के निर्माण से जल आत्मनिर्भरता की ओर ठोस कदम बढ़ाए गए हैं। अकेले ग्वालियर जिले में 2300 जल संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे भविष्य में 31.50 लाख घन मीटर जल संरक्षित हो सकेगा।
अभियान की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुना जिले में लक्ष्य के विरुद्ध 547 खेत तालाब और 1889 डगवेल रिचार्ज कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं, मुरैना में 1000 खेत तालाबों का निर्माण तीव्र गति से जारी है। यह अभियान अब केवल सरकारी कार्य न रहकर एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के नागरिक समान रूप से श्रमदान कर रहे हैं।