भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ ही ‘अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम’ (IEVP) 2026 का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्तों एस.एस. संधू और विवेक जोशी के साथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम के तहत 23 देशों के 43 प्रतिनिधि भारत की निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित चुनाव प्रणाली का अनुभव करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि भारत में चुनाव केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र का उत्सव है। विदेशी प्रतिनिधियों को ईवीएम (EVM) की कार्यप्रणाली दिखाई गई और उन्होंने मॉक पोल के माध्यम से भारतीय मतदान तकनीक को बारीकी से समझा। आगामी 8 और 9 अप्रैल को ये प्रतिनिधि चुनावी राज्यों का दौरा कर जमीनी स्तर की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।