मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाली संसद की तीन दिवसीय विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।
डॉ. यादव ने रेखांकित किया कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री के महिला उत्थान के मंत्र पर गंभीरता से कार्य हो रहा है। आज प्रदेश की महिलाएं टोल टैक्स वसूली से लेकर होम-स्टे संचालन और पंचायत व नगर निकायों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनावों तक 33 प्रतिशत आरक्षण का लक्ष्य पूरा होने से देश में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में नारी शक्ति की भागीदारी अनिवार्य है।