विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में डायल-112 के जवानों की सजगता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। ग्राम परसरी में एक सूखे कुएं में लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुँचाया।
पूरी घटना: 10 अप्रैल को भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुरवाई के ग्राम परसरी में एक अज्ञात व्यक्ति नवजात बच्ची को सूखे कुएं में छोड़कर चला गया है। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर डायल-112 की एफआरव्ही (FRV) टीम को रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे आरक्षक नेतराम अहिरवार और पायलट नरेंद्र दांगी ने बिना समय गँवाए बच्ची को कुएं से सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। जवानों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को तुरंत शासकीय चिकित्सालय, कुरवाई पहुँचाया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल, विदिशा के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है।