मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में संपन्न हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास और जन-कल्याण के लिए लगभग 19,810 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। इस बैठक में सिंचाई, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मंत्रि-परिषद ने सागर जिले की मिडवासा मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए 286 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिससे 27 गांवों के किसानों की 7200 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रोजेक्ट्स हेतु 10,801 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, कैबिनेट ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति (मध्याह्न भोजन) योजना को अगले 5 वर्षों (2031 तक) के लिए निरंतर रखने हेतु 3,553 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है।