आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
यह इस सीजन में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला है और दोनों ही टीमें अपना पांचवां मैच खेलने उतरेंगी। CSK की शुरुआत खराब रही है—टीम ने अब तक केवल एक मैच जीता है और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। वहीं, KKR अभी भी अपनी पहली जीत का इंतजार कर रही है। टीम ने चार में से तीन मैच गंवाए हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के इस मैच में खेलने की संभावना कम नजर आ रही है। वह पिछले मैच में भी स्टेडियम नहीं पहुंचे थे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बताया था कि धोनी फिलहाल होटल में रहकर टीम को सपोर्ट कर रहे हैं और जल्द मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
बल्लेबाजी में CSK के लिए संजू सैमसन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैचों में 182.66 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और एक शतक भी जड़ा है। आयुष म्हात्रे 133 रनों के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 8 विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जबकि जेमी ओवर्टन ने 5 विकेट झटके हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो CSK का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मैच खेले गए हैं, जिनमें CSK ने 21 और KKR ने 12 मुकाबले जीते हैं। चेपॉक में CSK का रिकॉर्ड और भी मजबूत है—यहां 12 में से 8 मैच CSK ने जीते हैं।
चेपॉक की पिच पहले स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती थी, लेकिन हाल के वर्षों में यहां बल्लेबाजों को भी फायदा मिला है। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम गेंदबाजी चुन सकती है। इस सीजन यहां खेले गए दोनों मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं।
पहले मैच में पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था, जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली 212 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी।
चेपॉक में अब तक 93 IPL मैच खेले गए हैं। इनमें से 52 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 41 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। यहां का सबसे बड़ा स्कोर 246/5 है, जो 2010 में CSK ने राजस्थान के खिलाफ बनाया था।
मौसम विभाग के अनुसार आज चेन्नई में बारिश की संभावना नहीं है। हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान मैच के दौरान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।