चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हराया, KKR की सीजन में चौथी हार

चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हराया, KKR की सीजन में चौथी हार

आईपीएल के मौजूदा सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स को एक और झटका लगा है। टीम को चेन्नई सुपर किंग्स ने चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 32 रन से मात दी। यह कोलकाता की इस सीजन में चौथी हार रही।

मैच में 192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 160 रन ही बना सकी। इससे पहले चेन्नई ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

चेन्नई की जीत में नूर अहमद का अहम योगदान रहा। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। नूर ने कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे (28 रन), कैमरन ग्रीन (0) और रिंकू सिंह (6 रन) को आउट कर टीम की कमर तोड़ दी। कोलकाता की हालत एक समय बेहद खराब हो गई थी, जब टीम ने 90 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रोवमन पॉवेल और रमनदीप सिंह ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वे टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

चेन्नई की बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 41 रन की उपयोगी पारी खेली। आयुष म्हात्रे ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

कोलकाता की ओर से कार्तिक त्यागी ने दो विकेट हासिल किए, जबकि वैभव अरोरा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन को एक-एक विकेट मिला।

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, लगातार चार हार के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स अंक तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:

चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: अकील हुसैन।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमन पॉवेल, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोरा।
इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *