भारत में मिले आतिथ्य से प्रभावित दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति, राष्ट्रपति मुर्मु की जीवन यात्रा को बताया प्रेरणादायक

भारत में मिले आतिथ्य से प्रभावित दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति, राष्ट्रपति मुर्मु की जीवन यात्रा को बताया प्रेरणादायक

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग भारत यात्रा के दौरान मिले आतिथ्य से प्रभावित नजर आए। सोमवार रात राष्ट्रपति भवन में आयोजित राजकीय भोज में शामिल होने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की जीवन यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया साझा की।

राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मु द्वारा आयोजित रात्रिभोज में सुखद समय बिताया। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मु के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी यात्रा सामाजिक बाधाओं और व्यक्तिगत चुनौतियों को पार कर समाज और वंचित वर्गों की सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उन्हें गहराई से प्रेरित करने वाला रहा।

उन्होंने आगे कहा कि भारत आज जिस आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें राष्ट्रपति मुर्मु के साहस और दूरदृष्टि की झलक दिखाई देती है। ली जे म्युंग ने दोनों देशों के संबंधों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच संभावनाएं व्यापक हैं और भविष्य में यह साझेदारी राजनीति और अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर और मजबूत होगी।

अपने संदेश में उन्होंने आशा जताई कि दोनों देश एक-दूसरे के विश्वसनीय साझेदार के रूप में मिलकर साझा भविष्य का निर्माण करेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने भारत और राष्ट्रपति मुर्मु के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए हिंदी में ‘धन्यवाद’ लिखा।

इससे पहले राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें राजकीय भोज और स्वागत समारोह की झलक दिखाई गई। वीडियो में दोनों राष्ट्राध्यक्षों के संबोधन भी शामिल थे, जिनमें द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

गौरतलब है कि भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रीय राजधानी में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत, दक्षिण कोरिया के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है।

दोनों देशों ने हरित प्रौद्योगिकी और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने तथा वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लक्ष्य पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *