आईपीएल सीजन में लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस ने सोमवार को जोरदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 100 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली गुजरात को शुरुआत में सफलता जरूर मिली, लेकिन मुंबई ने बाद में मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम ने पावरप्ले में 48 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। क्विंटन डी कॉक 13 रन, डेब्यू कर रहे दानिश मालेवर 2 रन और नमन धीर 45 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 45 गेंदों पर 101 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, जिससे मुंबई 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन तक पहुंच सकी। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन का विकेट गंवा दिया। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और पावरप्ले के भीतर टीम ने 45 रन तक तीन प्रमुख विकेट खो दिए, जिनमें जोस बटलर और कप्तान शुभमन गिल शामिल रहे।
मुंबई की गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने चार विकेट लेकर गुजरात की पारी को संभलने नहीं दिया। अश्विनी ने राहुल तेवतिया, शाहरुख खान और राशिद खान जैसे बल्लेबाजों को आउट कर मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। अंततः गुजरात की टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और उसके खाते में 4 अंक हो गए हैं। वहीं, हार के बावजूद गुजरात टाइटंस छठे स्थान पर बनी हुई है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन में गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल रहे, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में राहुल तेवतिया खेले।
मुंबई इंडियंस की टीम में दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, क्रिष भगत, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर शामिल थे, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अश्विनी कुमार को शामिल किया गया।