लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच IPL 2026 का 32वां मैच आज शाम 7:30 बजे लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। यह दोनों टीमों की इस मैदान पर दूसरी भिड़ंत होगी, जिसमें पिछली बार 2024 में राजस्थान रॉयल्स ने जीत दर्ज की थी।
लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें राजस्थान ने 4 मैच जीतकर बढ़त बनाई हुई है, जबकि लखनऊ को 2 मैचों में सफलता मिली है। पिछले वर्ष दोनों के बीच एकमात्र मैच हुआ था, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स विजयी रही थी।
राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस सीजन 20 छक्कों के साथ सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। यदि वे 3 और छक्के लगाने में सफल होते हैं, तो वह शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएंगे। फिलहाल 22 छक्कों के साथ रजत पाटीदार पहले स्थान पर हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से इस सीजन में ऐडन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 162 रन बनाए हैं और 160.30 के स्ट्राइक रेट से टीम के मध्यक्रम को मजबूती दी है, हालांकि अभी तक उनके नाम कोई अर्धशतक या शतक दर्ज नहीं है।
गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6 मैचों में 12 विकेट लिए हैं, जिसमें 4/28 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। हालांकि उनकी इकॉनमी 9.91 रही है, लेकिन विकेट निकालने की क्षमता उन्हें अहम गेंदबाज बनाती है।
राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 6 मैचों में 246 रन बनाए हैं और 236.53 के स्ट्राइक रेट से आक्रामक बल्लेबाजी की है। उनके नाम इस सीजन में 2 अर्धशतक भी दर्ज हैं। वहीं गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 6 मैचों में 10 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/41 रहा है।
इकाना स्टेडियम की पिच संतुलित मानी जाती है, जहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 160 रन रहता है। हाल के मैचों में बल्लेबाजों को भी कुछ मदद मिली है क्योंकि पिच पर अच्छा बाउंस और हल्की गति देखने को मिलती है।
मौसम की बात करें तो मैच के दौरान लखनऊ में मौसम गर्म लेकिन साफ रहेगा। तापमान दिन में करीब 35°C और शाम तक लगभग 28°C रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि हल्की ओस दूसरी पारी में असर डाल सकती है।
संभावित प्लेइंग-12
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहनिस खान, हिम्मत सिंह।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश पुंजा।