आईपीएल में गुरुवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच खास महत्व रखता है, क्योंकि उनका इस सीजन का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक नहीं रहा है।
इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वापसी की संभावना जताई जा रही है, जिन्होंने इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। वहीं मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा भी चोट से उबरकर टीम में लौट सकते हैं, वे पिछले दो मैचों में नहीं खेले थे।
दोनों टीमों का प्रदर्शन इस सीजन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। मुंबई और चेन्नई ने अब तक खेले गए 6-6 मैचों में केवल 2-2 जीत दर्ज की है, जबकि 4-4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। बेहतर नेट रनरेट के आधार पर मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सातवें स्थान पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स आठवें स्थान पर मौजूद है।
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 41 मुकाबले हुए हैं, जिनमें मुंबई इंडियंस ने 22 और चेन्नई सुपर किंग्स ने 19 मैच जीते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 13 मैचों में भी मुंबई को 8 और चेन्नई को 5 जीत मिली हैं। हालांकि, 2023 के बाद से दोनों के बीच हुए पांच मुकाबलों में मुंबई को केवल एक ही जीत हासिल हुई है।
मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन तिलक वर्मा ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6 मैचों में 144 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है, जो उन्होंने पिछले मैच में लगाया था। उनका स्ट्राइक रेट 187.01 रहा है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर ने 5 मैचों में 6 विकेट लेकर टीम को अहम सफलताएं दिलाई हैं, हालांकि उनकी इकॉनमी 13.57 रही है।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से संजू सैमसन ने 6 मैचों में 192 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। उन्होंने 174.54 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दी है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 6 मैचों में 13 विकेट लेकर टीम को मजबूती प्रदान की है, उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/22 रहा है।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, जहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है। इस मैदान पर अब तक 126 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिनमें 58 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 68 में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजयी रही है।
इस सीजन यहां खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में 200 से अधिक रन बने हैं। मुंबई इंडियंस को अपने घरेलू मैदान पर एक जीत मिली है, जबकि दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
मौसम की बात करें तो मुंबई में गुरुवार को तेज गर्मी और धूप रहने की संभावना है। दोपहर में हल्की हवा राहत दे सकती है, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का असर बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान 39 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।