आम आदमी पार्टी को अब तक का सबसे भीषण झटका लगा है। पार्टी के ‘पोस्टर बॉय’ कहे जाने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने छह अन्य साथियों के साथ पाला बदलते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचे, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर उनका औपचारिक स्वागत किया।
राघव चड्ढा ने दावा किया कि राज्यसभा में ‘आप’ के कुल 10 सांसदों में से 7 (दो-तिहाई) ने संवैधानिक प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय का निर्णय लिया है। उन्होंने इसके दस्तावेज राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंप दिए हैं। इस गुट में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजेंद्र गुप्ता जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। चड्ढा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के संकल्प के साथ बनी पार्टी अब खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंस गई है। हालांकि, तकनीकी रूप से आधिकारिक जॉइनिंग तभी मानी जाएगी जब सभापति इस विलय को विधिवत मंजूरी दे देंगे।