इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 39वें मुकाबले में आज दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हो रहा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में बेंगलुरु के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी ने अपनी विनिंग कॉम्बिनेशन पर भरोसा जताते हुए टीम में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि दिल्ली की टीम तीन बड़े बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है।
मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले के लिए 18 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज साहिल परख को प्लेइंग XI में शामिल किया है। इसके अलावा गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देने के लिए दुष्मंथा चमीरा और काइल जैमीसन की भी टीम में वापसी हुई है। गौरतलब है कि दिल्ली को अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रनों का विशाल स्कोर बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था, जिसे देखते हुए ये बदलाव काफी अहम माने जा रहे हैं।
मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों के बीच यह दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने बेंगलुरु को 6 विकेट से मात दी थी। हालांकि, अंक तालिका में स्थिति बेंगलुरु के पक्ष में है, जो दूसरे स्थान पर काबिज है, जबकि दिल्ली की टीम सातवें पायदान पर संघर्ष कर रही है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
- दिल्ली कैपिटल्स: साहिल परख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और टी नटराजन।
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख डार।