शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल: सेंसेक्स 1,000 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,750 के पार
भारतीय शेयर बाजार में आज 14 मई को शानदार तेजी देखी जा रही है, जहां प्रमुख सूचकांकों ने नए उच्च स्तरों को छुआ है। सेंसेक्स 1,000 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ 75,600 के स्तर पर पहुंच गया है, वहीं निफ्टी भी 350 अंकों की मजबूती दिखाते हुए 23,750 के मनोवैज्ञानिक स्तर पर कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में बैंकिंग, ऑटो, मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में निवेशकों की भारी दिलचस्पी देखी जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैश्विक तेजी के पीछे बीजिंग में आज से शुरू हो रही एक उच्चस्तरीय बैठक है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दो दिवसीय चर्चा आज से शुरू हो रही है। इस बैठक से निवेशकों को उम्मीद है कि वैश्विक स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक तनाव (Geopolitics Tension) में कमी आएगी, जिसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर दिख रहा है।
एशियाई बाजारों की बात करें तो आज वहां मिला-जुला रुख देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 1.75% की बढ़त के साथ 7,981 पर ट्रेड कर रहा है। इसके विपरीत, जापान का निक्केई 0.98% गिरकर 62,654 के स्तर पर आ गया है, जबकि हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 0.08% की मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
बीते सत्र में अमेरिकी बाजारों में भी उतार-चढ़ाव भरा कारोबार रहा था। जहां डाउ जोन्स 0.14% टूटकर 49,693 पर बंद हुआ, वहीं तकनीकी शेयरों वाले नैस्डैक में 1.20% की शानदार तेजी रही। S&P 500 इंडेक्स भी 0.58% की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों के आंकड़ों पर गौर करें तो कल विदेशी निवेशकों (FII) ने बाजार से 4,703 करोड़ रुपए की निकासी की, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने 5,869 करोड़ रुपए की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया।