मध्य प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में 10 जून को एक सड़क दुर्घटना के बाद डायल-112 के जवानों ने अनुकरणीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया। यहां बाइक से गिरकर घायल हुए एक दंपत्ति और उनके दो मासूम बच्चों को पुलिस कर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समय पर चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित की।
राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) भोपाल को बुधवार को सूचना मिली थी कि चुरहट क्षेत्र के बड़खरा इलाके में एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग घायल हैं और उन्हें तुरंत मदद की दरकार है। इस आपातकालीन सूचना पर संज्ञान लेते हुए चुरहट थाने में तैनात डायल-112 वाहन को अविलंब घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचे डायल-112 के स्टाफ आरक्षक विजय साकेत और पायलट वेंकटेश्वर मिश्रा ने देखा कि दंपत्ति और उनके दोनों बच्चे सड़क हादसे में चोटिल होकर तड़प रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों जवानों ने बिना वक्त गंवाए सभी घायलों को अपने फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल (एफआरवी) में बिठाया और तुरंत चुरहट के शासकीय अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, ‘डायल-112 हीरोज’ श्रृंखला के तहत सामने आई यह घटना प्रमाणित करती है कि संकट के समय में आम नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए यह आपातकालीन सेवा पूरी तरह समर्पित है। सड़क हादसों जैसी आपात स्थितियों में डायल-112 के जवान निरंतर सेवा भाव, मुस्तैदी और मानवीय दृष्टिकोण के साथ समाज की मदद कर रहे हैं।