मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैतूल के कुकरू में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी के घर किया रात्रि भोजन

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैतूल के कुकरू में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी के घर किया रात्रि भोजन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार रात बैतूल जिले के विख्यात हिल स्टेशन कुकरू का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीण शानु मंगल भुसुमकर के घर पहुंचकर रात्रि भोज किया। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाज) से तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। सूबे के मुखिया को अचानक अपने घर के आंगन में पाकर न केवल भुसुमकर परिवार बल्कि पूरे गांव के लोग बेहद उत्साहित नजर आए।

भोजन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिवार के लोगों से काफी देर तक आत्मीय बातचीत की। उन्होंने स्थानीय रहन-सहन, संस्कृति, रीति-रिवाजों और वहां के पारंपरिक खान-पान के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बातचीत के दौरान घर के मुखिया शानु मंगल भुसुमकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि साल 2019-2020 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था। इस सरकारी मदद की बदौलत ही उनका अपने पक्के घर में रहने का बरसों पुराना सपना सच हो सका।

इस खास मौके पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके भी मौजूद रहे। उनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल के विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही से विधायक महेंद्र सिंह चौहान और मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने भी ग्रामीण के आवास पर रात्रि भोजन का आनंद लिया।

इस अनौपचारिक कार्यक्रम के दौरान शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद रहे, जिनमें बैतूल के कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *