अमृत भारत स्टेशन योजना: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगी नई गति

अमृत भारत स्टेशन योजना: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगी नई गति

हरियाणा के जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुवार को सांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित प्रादेशिक कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। राज्यपाल ने यहाँ सांची स्टेशन की लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर इसे जनता को समर्पित किया। यह परियोजना देश के रेल नेटवर्क को अत्याधुनिक बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

समारोह में अपने विचार साझा करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल बुनियादी ढांचे के विकास का जरिया नहीं है, बल्कि यह रेलवे स्टेशनों को हमारी सांस्कृतिक विरासत, अत्याधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों के समन्वय के साथ स्थापित करने का प्रयास है। इस योजना के माध्यम से स्टेशनों को स्वच्छ, यात्री-अनुकूल और क्षेत्रीय पहचान के साथ निखारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवीनीकृत स्टेशनों पर सुगम आवागमन, स्वच्छता और यात्रियों की सहूलियत को प्राथमिकता दी गई है।

सांची स्टेशन के पुनर्विकास पर विशेष चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहाँ के विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप और ऐतिहासिक वास्तुकला को स्टेशन परिसर में बेहद खूबसूरती से उकेरा गया है। आगामी 40 से 50 वर्षों के भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ विकसित इस स्टेशन पर विशाल प्रतीक्षालय, आधुनिक कोच गाइडेंस सिस्टम, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं और चौड़े फुट ओवर ब्रिज जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने इन स्टेशनों को नए भारत की प्रगति और संभावनाओं का प्रतीक बताया। इसके साथ ही राज्यपाल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सावित्री ठाकुर ने कहा कि सांची की पहचान एक विश्व धरोहर के रूप में है और स्टेशन के आधुनिक होने से यहाँ पर्यटकों की आमद के साथ-साथ रेल सेवाओं का विस्तार होगा। क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सांची स्टेशन के नए स्वरूप को स्थानीय जनता के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि इससे क्षेत्र के चौमुखी विकास, पर्यटन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को काफी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर मंच पर और अतिथि दीर्घा में विधायक सुरेंद्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और शासकीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *