ओमान में आयोजित एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशिया कप 2026 में भारत की सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को खेले गए अपने-अपने मुकाबलों में दोनों टीमों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर एलीट पूल में अपनी अजेय बढ़त कायम रखी। भारतीय महिला टीम ने एकतरफा मैच में कजाकिस्तान को 10-0 से करारी शिकस्त दी, वहीं पुरुष वर्ग में भारत ने बांग्लादेश को 8-3 से पराजित किया।
महिला वर्ग के मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैच के पहले ही मिनट में नौशीन नाज ने लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पूरे मैच के दौरान विपक्षी टीम दबाव में नजर आई और भारतीय खिलाड़ियों ने गोल करने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दिया।
दूसरे हाफ में भी भारतीय महिला खिलाड़ियों का दबदबा पूरी तरह बना रहा। नौशीन नाज ने इस मैच में कुल चार गोल दागे। उनके अलावा संदीप कुमारी ने 11वें, 16वें और 18वें मिनट में गोल करते हुए शानदार हैट्रिक पूरी की और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया। टीम के लिए किरण एक्का, नीलम टोपनो और पुष्पा मांझी ने भी एक-एक गोल का योगदान दिया।
दूसरी ओर, भारतीय पुरुष टीम को बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती हाफ में कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारत ने पहले हाफ के अंत तक 3-2 की मामूली बढ़त बनाई हुई थी। टीम की तरफ से कप्तान केतन कुशवाहा ने चौथे व आठवें मिनट में गोल किए, जबकि शाहरुख अली ने तीसरे मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। बांग्लादेश की ओर से मो. होसेन और सोहराब सोटोन ने गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।
खेल के दूसरे हाफ में भारतीय पुरुष टीम ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया। कप्तान केतन कुशवाहा ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए दो और गोल किए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनके साथ रोमित पाल, प्रहलाद राजभर और राहुल यादव ने भी एक-एक गोल करके भारत का स्कोर 8-3 तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश की तरफ से दूसरे हाफ में केवल सोटोन ही एक गोल कर सके।
यह टूर्नामेंट आगामी एफआईएच यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप के लिए एशियाई क्वालीफायर के रूप में खेला जा रहा है। सोमवार को जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने वाली भारतीय महिला टीम का अगला मुकाबला चीन और उज्बेकिस्तान से होगा। वहीं, पुरुष टीम 24 जुलाई को मेजबान ओमान और पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी।