कारोबारी सप्ताह के अंत में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में नरमी का दौर देखने को मिला है। शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर लगातार दूसरे दिन दोनों कीमती धातुओं के भाव में करीब 0.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर सोने का 5 अगस्त, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट अपने पिछले बंद भाव 1,42,821 रुपये प्रति 10 ग्राम की तुलना में गिरकर 1,42,392 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 11 बजे तक इसमें 870 रुपये यानी 0.61 प्रतिशत की मंदी देखी गई, जिससे इसका भाव 1,41,951 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। आज के शुरुआती सत्र में सोने ने 1,41,742 रुपये का निचला स्तर और 1,42,393 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर दर्ज किया।
दूसरी ओर, चांदी के भाव में भी कमजोरी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर 4 सितंबर, 2026 का चांदी का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद स्तर 2,19,375 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 2,18,280 रुपये पर खुला। सुबह के कारोबार के दौरान यह 884 रुपये (0.40 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,18,491 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,17,325 रुपये और अधिकतम स्तर 2,18,884 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
घरेलू बाजार के साथ वैश्विक मोर्चे पर भी कीमती धातुओं के दाम नीचे आए। अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमैक्स पर सोना 0.48 प्रतिशत टूटकर 4,030 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57.80 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई।
कमोडिटी बाजार में इस उतार-चढ़ाव के बीच अमेरिका और ईरान के मध्य भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है। ईरान मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है, वहीं अमेरिका भी हॉर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में ईरान की नियंत्रण क्षमता को सीमित करने के उद्देश्य से उसके सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है।