मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को निवाड़ी जिले में 25 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए नए एकीकृत कलेक्ट्रेट भवन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया और नवनिर्मित भवन का भ्रमण कर कलेक्टर कक्ष तथा विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस नए प्रशासनिक भवन के शुरू होने से आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक सुगम और बेहतर ढंग से मिल सकेगा। जिला स्तर पर सभी प्रमुख विभागों के एक ही छत के नीचे आ जाने से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का समय पर त्वरित लाभ मिलना आसान हो जाएगा।
उद्घाटन समारोह में निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्यसभा सांसद महेश केवट और स्थानीय विधायक अनिल जैन सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।