ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की स्टार वेटलिफ्टर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबाम ने महिलाओं के 58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया है। मणिपुर की रहने वाली बिंद्यारानी ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया और देश को पदक दिलाया।
उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अपनी शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने लिखा कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली बिंद्यारानी देवी पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने खिलाड़ी की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बिंद्यारानी के साहस और प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि 58 किलोग्राम श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के लिए पांचवां पदक पक्का किया है। उन्होंने एथलीट को यूं ही देश का मान बढ़ाते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचन्द सिंह ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि 58 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में बिंद्यारानी का कांस्य पदक जीतना मणिपुर और संपूर्ण राष्ट्र के लिए एक अत्यंत गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह सफलता उनकी लगन, हिम्मत और मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाती है।
अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद आईएएनएस से बात करते हुए बिंद्यारानी देवी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि यह मेडल उनके लिए बेहद खास है क्योंकि इससे पहले वे 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करती थीं। श्रेणी बदलने के बावजूद कांस्य पदक जीतने में सफलता मिलना उनके लिए काफी सुखद अनुभव है। उन्होंने आगे कहा कि इस जीत से वे बेहद उत्साहित हैं और आगामी एशियन गेम्स में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीतने का प्रयास करेंगी।