भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) के वनरक्षक श्री संदीप कुमार तौहेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। श्री तौहेल को यह पुरस्कार वन्यप्राणियों के संरक्षण और अपराधों की रोकथाम में दिखाए गए समर्पण के लिए दिया गया।
मध्यप्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कार्यालय के अधीन काम करने वाली एसटीएसएफ राज्य की सर्वोच्च वन्यजीव अपराध अन्वेषण इकाई है। पुलिस की एटीएस, सीआईडी और एसटीएफ की तर्ज पर काम करने वाली इस विंग का दायरा केवल अभयारण्यों और राष्ट्रीय उद्यानों तक सीमित न होकर पूरे प्रदेश में फैला हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में इस बल का गठन ‘एंटीपोचिंग स्क्वाड’ के रूप में किया गया था, जिसे बाद में एसटीएसएफ में बदल दिया गया। मौजूदा समय में भोपाल, इंदौर, जबलपुर और शिवपुरी स्थित इसकी चार क्षेत्रीय इकाइयां लगातार अभियान चलाकर वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटी हैं।
तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने में एसटीएसएफ का प्रदर्शन असाधारण रहा है। यही वजह है कि राष्ट्रीय पहचान के अलावा अंतर्राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी ‘इंटरपोल’ भी इस संस्था की कार्यशैली की 4 बार सराहना कर चुकी है।
संस्था की इसी गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए वनरक्षक श्री तौहेल को उनके बेहतरीन जांच कार्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तर पर यह विशिष्ट सम्मान सौंपा गया।