मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में आयोजित ‘श्री 84 महादेव दर्शन यात्रा-2026’ का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पवित्र नगरी उज्जैन स्थित 84 महादेव हमारी आस्था, साधना और सनातन परंपरा के सजीव प्रतीक हैं। यह यात्रा आमजन तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने के साथ-साथ आत्मिक जागरण का माध्यम बनेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ को रेखांकित करते हुए कहा कि भगवान शिव समरसता, करुणा और लोककल्याण का संदेश देते हैं। भारत की आध्यात्मिक शक्ति वर्तमान में पूरे विश्व को आकर्षित कर रही है। 84 महादेवों की परिक्रमा शिवभक्ति की अत्यंत प्राचीन परंपरा है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुशासन और संयम की प्रेरणा देती है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है।
सावन मास के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आयोजक संस्था द्वारा यात्रा में शामिल महिलाओं (मातृशक्ति) को लाल चुनरी, साड़ी, रुद्राक्ष की माला और बिल्वपत्र का पौधा निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। यात्रा के साथ प्रसिद्ध भजन गायक मनीष तिवारी की मंडली भी भजनों की प्रस्तुति दे रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से सांस्कृतिक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सामाजिक समरसता को बल मिलता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार्मिक यात्राओं के आर्थिक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि तीर्थ यात्राएं केवल आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी मुख्य आधार हैं। इनसे होटल उद्योग, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायियों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचता है। राज्य सरकार तीर्थ स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं विकसित कर रही है और उज्जैन को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन जनभागीदारी और प्रशासनिक सहयोग से ही भव्य रूप लेते हैं। युवाओं का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी सभ्यता और संस्कारों से जुड़ा समाज ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है, और यह यात्रा युवाओं में सेवा, अनुशासन व राष्ट्रभाव का संचार करेगी।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पं. प्रदीप मिश्रा, संत शैलेषानंद महाराज, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल सहित आयोजक समिति के पदाधिकारी नारायण यादव, महेश परयानी, ललिता लुल्ला, शेषांत चंदेरिया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।