मध्यप्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी के एथलीटों ने 29 से 31 जुलाई 2026 के मध्य ओडिशा के कटक में संपन्न हुई प्रथम इंडिया ताइक्वांडो यूथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
चैंपियनशिप के 63 किलोग्राम भार वर्ग में राज्य की प्रतिभावान खिलाड़ी रेवा गुर्जर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया। टूर्नामेंट के दौरान रेवा की तकनीकी पकड़ और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।
कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में हर्षित बघेल (63 किलोग्राम वर्ग), अस्मी भारती (55 किलोग्राम वर्ग) तथा मान्या मिश्रा (63 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग) शामिल रहे। इन तीनों खिलाड़ियों के जुझारू खेल के बदौलत अकादमी राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ने में सफल रही।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए सुदृढ़ नीति, आधुनिक संसाधन और कुशल मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। अकादमी के खिलाड़ियों का निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य सरकार के खेल संवर्धन प्रयासों की सफलता को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके कोच और पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवशाली बताते हुए विश्वास जताया कि राज्य के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखेंगे।