ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: पीएम आवास पर पहुंचे भारतीय मेडल विजेता, प्रधानमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: पीएम आवास पर पहुंचे भारतीय मेडल विजेता, प्रधानमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 के भारतीय पदक विजेताओं की अगवानी की। 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पीएम ने खिलाड़ियों से सीधी बातचीत की और उनके अनुभव सुने।

मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें और अपने विचार साझा किए। उन्होंने लिखा कि पदक विजेताओं की मेजबानी करना एक सुखद अनुभव रहा। प्रधानमंत्री ने एथलीटों के प्रदर्शन को राष्ट्रीय गौरव का विषय बताया और कहा कि यह सफलता देश की भावी पीढ़ी को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

पीएम मोदी द्वारा साझा किए गए वीडियो में 51 किलोग्राम वर्ग में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने अपनी बात रखी। साक्षी ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना पूरे दल के लिए एक अत्यंत गर्व का क्षण था। उन्होंने प्रधानमंत्री के सरल और सौम्य व्यवहार की भी विशेष रूप से सराहना की।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का नारा दिया और देशवासियों से भारतीय खिलाड़ियों का निरंतर समर्थन करने का आह्वान किया। मुलाकात का समापन एथलीटों द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ हुआ।

उल्लेखनीय है कि कुश्ती, हॉकी, निशानेबाजी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे प्रमुख खेलों के बाहर होने के बावजूद भारत ने 39 पदक हासिल कर तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया। भारत की इस कुल पदक संख्या में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे।

विभिन्न स्पर्धाओं में मुक्केबाजी टीम ने 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि जूडो टीम ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर इतिहास का अपना सबसे बेहतर परिणाम दिया। एथलेटिक्स में मिले 10 पदकों (5 रजत, 5 कांस्य) में गुलवीर सिंह का योगदान ऐतिहासिक रहा, जिन्होंने 10,000 मीटर में सिल्वर और 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज जीतकर एक ही राष्ट्रमंडल खेलों में दो व्यक्तिगत ट्रैक एंड फील्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *