मध्य प्रदेश में हवाई संपर्क के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रदेश के नागरिक उड्डयन परिदृश्य, वर्तमान में जारी निर्माण कार्यों और भविष्य की योजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने घोषणा की कि ‘उड़ान’ योजना को वर्ष 2036 तक लागू रखने का निर्णय लिया गया है और इसके अंतर्गत आगामी एक दशक में देश में 100 नए हवाई अड्डे निर्मित किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश की 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को सहयोग देते हुए प्रथम चरण में 5 नए हवाई अड्डों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत सबसे पहले ऊर्जाधानी सिंगरौली में एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 8 एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में निर्माण कार्य जारी है। राज्य सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया तथा शहडोल एयरस्ट्रिप्स को विकसित कर एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। मुख्यमंत्री ने पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि 170 से अधिक गंभीर रोगियों को इस सेवा से लाभ पहुंचा है, जिनमें से 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई जा सकी। केंद्रीय मंत्री नायडू ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।
उड्डयन मंत्री ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और राज्य विमानन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उज्जैन एयरपोर्ट के लिए 10 अक्टूबर 2026 तक सभी जरूरी पर्यावरणीय अनुमतियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि ‘सिंहस्थ 2028’ में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यातायात मिल सके। वहीं, शिवपुरी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त स्थल का चयन शीघ्र पूरा करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने इन स्वीकृतियों और त्वरित निर्णयों के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया।
विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने जानकारी दी कि पिछले छह महीनों में प्रदेश के 50 हजार से अधिक नागरिकों ने हवाई यात्रा की है, जो सेवाओं के प्रति बढ़ते जन-विश्वास को दर्शाता है। राज्य में ‘पीएम श्री वायु पर्यटन’, ‘पीएम श्री हेली पर्यटन’ और एयर एम्बुलेंस सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इंदौर से अबू धाबी के लिए शुरू हुई सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान के बाद अब 4 और नई सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, एएआई के वरिष्ठ अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, एच. पुल्ला और आयुक्त विमानन चंद्रमौली शुक्ला भी मौजूद रहे।