एमपी पुलिस के 49 जवानों ने दिखाई मिसाल, पटरियों पर बंद हुए भारी ट्रक को हटाकर बचाई कई जिंदगियां

एमपी पुलिस के 49 जवानों ने दिखाई मिसाल, पटरियों पर बंद हुए भारी ट्रक को हटाकर बचाई कई जिंदगियां

दमोह ड्यूटी के लिए रवाना हुए विशेष सशस्त्र बल के 49 जवानों ने सागर के मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक पर फंसा मालवाहक ट्रक हटाकर संभावित बड़े रेल हादसे को टाल दिया। ट्रेन का सिग्नल होने के बावजूद जवानों की त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना के समय 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF टीम बांदकपुर मंदिर परिसर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने जा रही थी। रास्ते में मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक पार करते समय एक लोडेड मालवाहक ट्रक अचानक पटरियों के बीचों-बीच बंद हो गया।

अचानक आई इस तकनीकी खराबी से ट्रक चालक घबरा गया। उसी दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगमन का संकेत मिल चुका था, जिससे किसी भी पल गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बढ़ गई थी।

परिस्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जवानों ने तत्काल अपनी बस से उतरकर कमान संभाली। सामान से पूरी तरह लदे भारी ट्रक को हटाने के लिए सभी जवानों ने एक साथ जोर लगाया और सामूहिक प्रयास से ट्रक को धक्का देकर पटरियों से सुरक्षित दूरी पर खड़ा कर दिया।

जवानों की इस सतर्कता से बड़ा संकट टल गया और रेल यातायात सुरक्षित रहा। अचानक मिली इस मदद से भावुक हुए ट्रक चालक ने पुलिसकर्मियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। जवानों ने उसे ढांढस बंधाया। जवानों की यह तत्परता साबित करती है कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था के लिए ही नहीं, बल्कि संकट के समय नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी हमेशा मुस्तैद रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *