मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ा पुलिस अभियान, 5 दिनों में 83 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ा पुलिस अभियान, 5 दिनों में 83 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्य स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पिछले 5 दिनों में विभिन्न जिलों से करीब 83 लाख 97 हजार रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान पुलिस टीमों ने डोडाचूरा, अफीम, एमडी ड्रग्स, ब्राउन शुगर और नशीली कफ सिरप बरामद कर कई तस्करों को हिरासत में लिया है।

मंदसौर जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की। अफजलपुर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का 62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा पकड़ा। वहीं, भावगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर प्रहार करते हुए 3 किलो अफीम, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित 6 लाख 60 हजार रुपये का सामान जब्त किया। इसके अतिरिक्त, सीतामऊ पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन से 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा बरामद कर 15 लाख 59 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। इस तरह मंदसौर में कुल 23 लाख 44 हजार रुपये की जब्ती हुई।

नीमच जिले में रतनगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों पर शिकंजा कसते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद की, जिसकी कुल संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच टीम ने दो अलग-अलग छापों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सुपर कॉरिडोर पर हुई कार्रवाई में दो आरोपियों से 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक बिना नंबर की बाइक सहित 11 लाख 80 हजार रुपये का माल मिला। वहीं भंडारी ब्रिज के पास से एक अन्य आरोपी को 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया, जिसकी कीमत 5 लाख 40 हजार रुपये है। इंदौर में कुल 17 लाख 20 हजार रुपये की जब्ती दर्ज की गई।

अन्य जिलों में भी पुलिस को बड़ी सफलताएं मिलीं। रीवा पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के अंतर्गत एक लग्जरी गाड़ी से 1,410 शीशी अवैध ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद कर 13 लाख 83 हजार रुपये का माल जब्त किया। उज्जैन के घट्टिया थाने की पुलिस ने ट्रैवल बैगों में छिपाकर ले जाया जा रहा 33 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। विदिशा के देहात गंजबासौदा थाना क्षेत्र में 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक पूर्व तस्कर और एक महिला को गिरफ्तार कर 4 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस अवैध जाल को पूरी तरह समाप्त करने के लिए राज्यव्यापी समन्वित कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तस्करी या अवैध बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत दें, ताकि प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *