कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले प्रधान आरक्षक के परिजनों को ₹1.23 करोड़ की आर्थिक सहायता, बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति

कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले प्रधान आरक्षक के परिजनों को ₹1.23 करोड़ की आर्थिक सहायता, बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक के आश्रित परिवार को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 23 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि दी गई है, साथ ही उनके बेटे को बाल आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की गई है।

राजगढ़ जिले के ब्यावरा सिटी थाने में तैनात प्रधान आरक्षक सर्जन भील का 6 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान एक दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। इस अप्रत्याशित क्षति के बाद विभाग ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने की पहल की।

भारतीय स्टेट बैंक की फूलखेड़ी शाखा के माध्यम से पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत यह बीमा राशि मंजूर की गई। राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने दिवंगत कर्मी के पिता रामदयाल भील और उनकी पत्नी वर्षा भील को 1 करोड़ 23 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा। इसी के साथ उनके पुत्र शरद भील को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिरता बनी रहे।

सहायता राशि वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए विभाग की ओर से हरसंभव मदद और निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

मध्य प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों के कल्याण के लिए ‘पुलिस वेतन पैकेज खाता’ व्यवस्था संचालित कर रही है। इस योजना के अंतर्गत पुलिसकर्मियों को 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कवर, आवास ऋण पर रियायती ब्याज दरें, निःशुल्क डेबिट कार्ड तथा परिवार की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी कई अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *