श्रावण मास के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास परिसर में महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान स्वरूप सावन झूला उत्सव का आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में केंद्रीय और राज्य स्तरीय महिला मंत्रियों, भोपाल महापौर, विधायकों तथा विभिन्न अंचलों से आई महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बहनों के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सावन के उल्लास के बीच भजनों और गीतों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘गोविंदा आला रे’ तथा बहनों को समर्पित प्रसिद्ध गीत ‘फूलों का तारों का, सबका कहना है एक हजारों में मेरी बहना है’ के गायन में बहनों के साथ सुर मिलाया।
आयोजन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के अलावा प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह उपस्थित थीं। साथ ही भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक सुश्री मनीषा सिंह और महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।
उपस्थित बहनों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी के जीवन में वैभव और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न अंचलों से पधारी बहनों को झूला उत्सव में शामिल देखकर अत्यंत हर्ष हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर लोक कल्याण के कार्यों को पूर्ण करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी सहित आने वाले सभी त्योहारों के लिए बहनों को अग्रिम रूप से मंगलकामनाएं और बधाई प्रेषित कीं।