मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में किए मां शारदा के दर्शन, प्रदेश की खुशहाली की कामना; बोले- ‘मां शारदा लोक’ से बढ़ेगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में किए मां शारदा के दर्शन, प्रदेश की खुशहाली की कामना; बोले- ‘मां शारदा लोक’ से बढ़ेगा रोजगार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर स्थित विश्वविख्यात मां शारदा देवी मंदिर पहुंचकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मां शारदा के चरणों में शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के पश्चात मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को मां शारदा का पावन चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सहूलियत तथा परिसर में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पावन नगरी मैहर देश और प्रदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मां शारदा की कृपा से मध्य प्रदेश निरंतर उन्नति और विकास के पथ पर अग्रसर रहे, यही उनकी प्रार्थना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘मां शारदा लोक’ के निर्माण से मैहर में धार्मिक पर्यटन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इससे क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जिले की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।

इस दौरान जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक विक्रम सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *