मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: प्रदेश की सवा करोड़ महिलाओं को मिली 39वीं किस्त, मैहर में 256 करोड़ के विकास प्रकल्पों की शुरुआत

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: प्रदेश की सवा करोड़ महिलाओं को मिली 39वीं किस्त, मैहर में 256 करोड़ के विकास प्रकल्पों की शुरुआत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन के मंच से प्रदेश भर की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों को 2,148 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में अंतरित की। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में योजना की 39वीं किस्त के साथ 250 रुपये की अतिरिक्त शगुन राशि जोड़कर प्रति हितग्राही 1,750 रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया गया।

स्थानीय खेल प्रतिभाओं अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे की सहभागिता के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना की निरंतरता पर बल दिया। जून 2023 से अगस्त 2026 तक की अवधि में इस महत्वाकांक्षी योजना पर 63,248 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है। राज्य कैबिनेट के निर्णय अनुसार आगामी 5 वर्षों में योजना के तहत 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जाएगी। महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत महिलाओं को 5,000 रुपये अतिरिक्त मानदेय देने तथा संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व के संकल्प को भी रेखांकित किया गया।

जिले के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 256 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। कुल 151.30 करोड़ रुपये के 12 कार्यों का भूमिपूजन हुआ, जिसमें 54 करोड़ रुपये की धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना (3,500 हेक्टेयर सिंचन क्षमता), 41 करोड़ का रामनगर सांदीपनि विद्यालय और 9 करोड़ रुपये का मां शारदा लोक निर्माण (चरण-1) प्रमुख हैं। वहीं, 48.24 करोड़ के मैहर सांदीपनि विद्यालय, ताला कॉलेज भवन (7.58 करोड़), अमरपाटन बालक छात्रावास (3.44 करोड़), पुलिस कंट्रोल रूम (2.51 करोड़) और जल गंगा संवर्धन के 1,069 कार्यों सहित विभिन्न मार्गों का विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ।

मैहर के लिए नई घोषणाओं के तहत बदेरा पहाड़ में 132 केवीए सब-स्टेशन, 25 करोड़ का खेल स्टेडियम, 50 करोड़ से लिलजी जलाशय का नवीनीकरण, सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय, 5,000 गोवंश क्षमता की गोशाला, घुनवारा में आईटीआई संस्थान की स्थापना और आल्हा गायक दलों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार शामिल है। सांस्कृतिक एवं जनहितैषी नीतियों के तहत चित्रकूट व श्रीराम वनगमन पथ के लिए 3,000 करोड़ के स्वीकृत कार्य, 19 धार्मिक क्षेत्रों में मदिरा बिक्री पर रोक तथा किसानों को दिन-रात बिजली व बरगी नहर से जल आपूर्ति की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह, क्षेत्रीय सांसद श्री गणेश सिंह एवं मैहर विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रनिधियों ने संबोधित किया। सांसद ने ‘जन विश्वास अभियान’ और बाणसागर में नेवी ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की प्रगति साझा की। आयोजन में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं हजारों महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *