रेल मंत्रालय ने जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली तीसरी नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उधमपुर स्टेशन पर ठहराव को औपचारिक स्वीकृति दे दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी साझा करते हुए इसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, स्थानीय नागरिकों द्वारा इस स्टॉपेज की निरंतर मांग की जा रही थी। उनके औपचारिक अनुरोध पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने प्रस्तावित सेवा को उधमपुर में रोकने का निर्णय लिया। इस त्वरित और सकारात्मक पहल के लिए उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह कदम क्षेत्रीय प्राथमिकताओं व जन-आकांक्षाओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री को भेजे गए पत्र में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा, मांग और परिचालन की व्यावहारिकताओं के आधार पर समय-समय पर सेवाओं का विस्तार करती है। इसी क्रम में, जम्मू तवी-श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26407/26408) को शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर रेलवे स्टेशन के रास्ते संचालित करने की मंजूरी दी गई है।
इस ठहराव से उधमपुर एवं समीपवर्ती क्षेत्रों के लोगों को दोनों प्रमुख शहरों के बीच तेज, आधुनिक और सुगम यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि करार देते हुए रेखांकित किया कि यह सेवा न केवल स्थानीय जनता की पुरानी मांग को पूरा करेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के आवागमन तंत्र को भी मजबूती प्रदान करेगी।