प्रदेश सरकार के ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने विदिशा जिले के ग्यारसपुर ब्लॉक में शासकीय विद्यालयों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
शासन द्वारा यह अभियान इसलिए चलाया जा रहा है ताकि सभी शासकीय योजनाओं की जानकारी व उनके लाभ विद्यार्थियों तक सरलता से पहुंच सकें। साथ ही, शिक्षण व्यवस्था की वस्तुस्थिति को परखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकताओं के अनुसार तंत्र में जरूरी सकारात्मक बदलाव किए जा सकें।
दौरे के तहत सचिव डॉ. संजय गोयल ने ग्यारसपुर के शासकीय हाई स्कूल-1 सहित धनिया खेड़ी के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।
विद्यालय परिसर में उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से बातचीत कर विभिन्न विभागीय योजनाओं की जमीनी पहुंच और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने पठन-पाठन से जुड़े उनके अनुभवों को समझा तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में उनके सुझावों को भी दर्ज किया।