कनाडा के गुरुद्वारे में प्रार्थना सभा के दौरान चाकूबाजी, 2 श्रद्धालु जख्मी; पीएम कार्नी बोले- ‘पूजा स्थलों पर भय अस्वीकार्य’

कनाडा के गुरुद्वारे में प्रार्थना सभा के दौरान चाकूबाजी, 2 श्रद्धालु जख्मी; पीएम कार्नी बोले- ‘पूजा स्थलों पर भय अस्वीकार्य’

अल्बर्टा के एडमोंटन स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर में शनिवार तड़के सुबह की प्रार्थना के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने दो लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को घटनास्थल से ही तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात शहर के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके (14 स्ट्रीट व हॉर्स हिल रोड के पास) में सुबह करीब 5 बजे घटी। उस दौरान गुरुद्वारा साहिब के भीतर एक विवाह कार्यक्रम से पूर्व की अरदास चल रही थी। हमले में चोटिल हुए दोनों लोगों को आपातकालीन चिकित्सा दल द्वारा तुरंत उपचार दिया गया।

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस वारदात को बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने धार्मिक स्थल पर भयभीत होने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। कार्नी ने प्रभावित सिख समाज के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति संभालने के लिए एडमोंटन पुलिस सेवा की प्रशंसा की।

उधर, मुख्य विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने भी घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हमले के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पोइलिवरे ने सिख समुदाय के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *